कोरिया जिला की खास खबर

देवेंद्र सिंह चंदेल

 

भारत की आवाज

 

 

 

*कोरिया में साक्षरता महापरीक्षा सम्पन्न, 95% शिक्षार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी*

 

*उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 164 केंद्रों में हुआ आयोजन, 1641 शिक्षार्थियों को जोड़ा गया*

 

*कोरिया, 23 मार्च 2026/* राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत जिले में शिक्षार्थी आंकलन (महापरीक्षा अभियान) का सफल आयोजन किया गया। यह परीक्षा 22 मार्च को कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

जिले के विकासखंड बैकुण्ठपुर एवं सोनहत में कुल 164 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 1641 पंजीकृत शिक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया था। शाम 5:30 बजे तक लगभग 95 प्रतिशत शिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया।

 

परीक्षा के पूर्व ग्राम पंचायतों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें दीवार लेखन, पीला चावल आमंत्रण, गीत-संगीत और स्वयंसेवी शिक्षकों के माध्यम से शिक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया। परीक्षा केंद्रों में शिक्षार्थियों का स्वागत तिलक एवं पुष्पगुच्छ से किया गया, जिससे पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।

 

इस अभियान का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाना तथा उनकी शैक्षिक उपलब्धियों का आकलन करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता, संख्या ज्ञान, जीवन कौशल, व्यावसायिक कौशल और सतत शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए संकुल स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। साथ ही पंचायत सचिवों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित की गई। संभागीय, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा सतत मॉनिटरिंग भी की गई।

इस आयोजन में पंचायती राज संस्थाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मध्यान्ह भोजन समूह और स्कूली बच्चों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिससे साक्षरता अभियान को जनआंदोलन का रूप मिला।

 

विज्ञापन समाचार इश्तिहार के लिए संपर्क करें

7000131841

भारत की आवाज सच की ओर

Back to top button