Mcb ब्रेकिंग न्यूज़

भारत की आवाज
देवेंद्र सिंह चंदेल
एमसीबी जिला चिरमिरी में पत्रकारों का आक्रोश — अभिजीत मुखर्जी मारपीट प्रकरण में सख्त कार्रवाई व जिला बदर की मांग
चिरमिरी (एमसीबी):
एमसीबी जिले के चिरमिरी में 29 मार्च को पत्रकार अभिजीत मुखर्जी के साथ गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी की गंभीर घटना सामने आने के बाद पत्रकार समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में चिरमिरी के लगभग 30 से 40 वरिष्ठ प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार एकजुट होकर थाना चिरमिरी पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी धर्मजीत उर्फ मुसाऊ के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित पत्रकार अभिजीत मुखर्जी के अनुसार, आरोपी ने उन्हें हल्दीबाड़ी क्षेत्र स्थित अपने गोदाम (वार्ड क्रमांक 16, 6 नंबर गोलाई) पर बुलाकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की तथा मारपीट करने का प्रयास किया। साथ ही लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश भी की गई, जिसे समय रहते रोक लिया गया। आरोपी द्वारा जान से मारने एवं परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई, साथ ही झूठे मामलों में फंसाने की बात भी कही गई।
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि धर्मजीत उर्फ मुसाऊ का पूर्व में भी आपराधिक आचरण रहा है। इससे पहले भी पत्रकारों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज एवं धमकी देने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इसे एक गंभीर प्रवृत्ति मानते हुए पत्रकारों ने कहा कि उक्त व्यक्ति समाज के लिए संभावित खतरा बन चुका है।
पत्रकारों ने मांग की कि आरोपी के विरुद्ध कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जिला बदर (जिला निष्कासन) किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
पूर्व कार्यवाही का संदर्भ:
पत्रकारों ने यह भी अवगत कराया कि पूर्व में जिला पुलिस प्रशासन के संज्ञान में भी आरोपी की गतिविधियां लाई गई थीं। उस समय तत्कालीन पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। किंतु अपेक्षित परिणाम न आने के कारण आज पुनः सख्त एवं निर्णायक कार्रवाई की मांग उठ रही है।
सभी पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि यदि भविष्य में किसी भी पत्रकार के साथ समाचार संकलन या कवरेज के दौरान बिना किसी कारण गाली-गलौज, मारपीट या झूठे प्रकरण में फंसाने का प्रयास किया जाता है, तो पत्रकार समाज इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। ऐसे मामलों में समस्त पत्रकार एकजुट होकर कानून के दायरे में रहकर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।
पत्रकारों ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष और निस्वार्थ भाव से समाज के सामने सत्य को प्रस्तुत करते हैं, इसके बावजूद आए दिन उन पर हमले, दुर्व्यवहार और दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
अंत में पत्रकारों ने शासन-प्रशासन से मांग की कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाई जाए तथा ऐसे असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे समाज में कानून का भय और पत्रकारों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
चिरमिरी पत्रकार प्रिंट इलेक्ट्रानिक सभी ने कड़ा विरोध करते हुए कार्यवाही की मांग की गई

चिरमिरी थाना में पत्रकार संघ

पीड़ित पत्रकार अभिजीत मुखर्जी
