MCB की खबर

देवेंद्र सिंह चंदेल
भारत की आवाज
खड़गवां में गूंजा तिरंगे का जयघोष, 2 किलोमीटर तक मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने थामा राष्ट्रध्वज
भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, छात्राओं को मिली साइकिलें; नन्हे बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
लोकेशन : खड़गवां, जिला एमसीबी (छत्तीसगढ़)
खड़गवां। एमसीबी जिले के विकासखंड खड़गवां में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल स्वयं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर करीब 2 किलोमीटर तक पैदल चले और यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। तिरंगा यात्रा आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल खड़गवां से प्रारंभ होकर गजमरवा पारा, होंडा शोरूम होते हुए जनपद ग्राउंड पहुंची, जहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने यात्रा का समापन हुआ। इसके बाद कार्यक्रम आमसभा में परिवर्तित हो गया।
यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, जिला महामंत्री द्वारिका प्रसाद जायसवाल, पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष धनंजय पांडे एवं अरुणोदय पांडे, एसडीएम खड़गवां, तहसीलदार, जनपद सीईओ, बीएमओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
तिरंगा यात्रा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आम जनता, बच्चों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। मंत्री की सहज सहभागिता से पूरे खड़गवां क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला
छात्राओं को बांटी साइकिलें
जनपद ग्राउंड में आयोजित समापन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हाई स्कूल छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने वाली बेटियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनकी शिक्षा की राह आसान होगी।
नन्हे बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं की मौजूदगी में नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार अपने हाथों से संपन्न कराया।
तिरंगे के गौरव और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तिरंगे के गौरव, देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहा हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र निर्माण तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देने का संकल्प दिलाया। भव्य तिरंगा यात्रा ने खड़गवां में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश देते हुए पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

खडगवा में गूंजा तिरंगा यात्रा

जनपद ग्राउंड में आयोजित समापन


विज्ञापन एवं समाचार के लिए संपर्क करे
(7000131841)


























