MCB की खबर

देवेंद्र सिंह चंदेल
भारत की आवाज
नशामुक्ति संवाद के बाद पत्रकारों की खबर का असर! स्कूलों के आसपास बिक रहे तंबाकू-सिगरेट पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 11 दुकानों पर चला चालान
9 अगस्त को पत्रकारों ने उठाई थी आवाज, 11 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई—11 दुकानों से वसूला ₹2,200 जुर्माना
एमसीबी/11 अगस्त 2026:
9 अगस्त को मनेन्द्रगढ़ में जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित नशामुक्ति युवा भारत संकल्प एवं PIB वार्तालाप कार्यक्रम में जिलेभर के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारों ने नशे के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई थी। पत्रकारों ने विशेष रूप से स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बिकने वाले तंबाकू, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य नशीले उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग प्रमुखता से उठाई थी।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रमुखता से उठाया। इसके दो दिन के भीतर ही जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई देखने को मिली।
कलेक्टर के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मनेन्द्रगढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ जांच एवं चालानी कार्रवाई की।
टीम ने मनेन्द्रगढ़ कलेक्ट्रेट के सामने एनएच-43, नदी पार मनेन्द्रगढ़ तथा पीडब्ल्यूडी तिराहा क्षेत्र में ठेला, होटल, रेस्टोरेंट, किराना दुकान, चाय ठेला, पान दुकान एवं गुमटियों का निरीक्षण किया। तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते पाए गए दुकानदारों के खिलाफ कोटपा एक्ट 2003 की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की गई।
इस दौरान कुल 11 दुकानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए ₹2,200 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही दुकानदारों को शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
पत्रकारों की आवाज के बाद हुई कार्रवाई को नशामुक्ति अभियान की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अब सवाल यह है कि क्या स्कूलों और छात्रावासों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर इसी तरह लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी?
कार्रवाई के दौरान कोटपा नोडल अधिकारी डॉ. कीर्ति चौहान, डॉ. विक्की टोप्पो, खाद्य एवं औषधि प्रशासन से औषधि निरीक्षक विकास लकड़ा सहित पुलिस दल मौजूद रहा।


विज्ञापन एवं समाचार के लिए संपर्क करे
(7000131841)

























