MCB की ब्रेकिंग न्यूज़

देवेंद्र सिंह चंदेल भारत की आवाज एक खबर सच की ओर

 

 

 

 

एमसीबी जिला की खबर

 

इंसाफ नहीं मिला तो आईजी की चौखट पर पहुंचा पीड़ित

 

 

 

रेत माफियाओं की गुंडागर्दी, मारपीट और मोबाइल छीनने के मामले में आईजी दीपक झा ने दिया कार्रवाई का भरोसा

एमसीबी/केल्हारी। ग्राम पंचायत बिछियाटोला में कथित अवैध रेत खनन का वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, मोबाइल छीनने और शिकायत के बाद भी न्याय नहीं मिलने से परेशान पीड़ित कमलनयन तिवारी (28 वर्ष) आखिरकार सरगुजा रेंज पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक झा की चौखट तक पहुंच गया। जनदर्शन, जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय और स्थानीय थाना स्तर पर फरियाद लगाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने सीधे आईजी से न्याय की गुहार लगाई, जिस पर आईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बिछियाटोला निवासी कमलनयन तिवारी ने आरोप लगाया है कि 29 मई 2026 की शाम वह केवाई नदी के किनारे टहल रहा था। इसी दौरान उसने नदी में चल रहे कथित अवैध रेत खनन और पोकलेन मशीन से रेत भराई का वीडियो अपने मोबाइल में बनाना शुरू किया। आरोप है कि वीडियो बनाते देख ग्राम पंचायत बिछियाटोला के उपसरपंच ऋषभ तिवारी, अभिषेक मिश्रा, राकेश तिवारी, रिंकू तिवारी एवं ठेकेदार अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिया। पीड़ित का आरोप है कि उसे घसीटते हुए पोकलेन मशीन की ओर ले जाया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। उसके मोबाइल कवर में रखे नगद रुपये भी गायब हो गए।

घटना के बाद पीड़ित शिकायत दर्ज कराने थाना केल्हारी पहुंचा, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीड़ित का आरोप है कि उसे देर रात तक थाना में बैठाकर रखा गया और बाद में समझौता करने की बात कही गई। अगले दिन थाना बुलाकर उसका मोबाइल लौटाया गया, लेकिन मोबाइल में मौजूद घटना से जुड़े वीडियो और फोटो हटाए जाने का भी आरोप लगाया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उससे सादे कागज में हस्ताक्षर कराए गए तथा उसकी फोटो और वीडियो भी लिए गए।

न्याय की मांग को लेकर कमलनयन तिवारी ने 2 जून 2026 को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद जिला प्रशासन के जनदर्शन में भी शिकायत प्रस्तुत की गई, लेकिन कई दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि लगातार न्याय नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसे प्रशासनिक व्यवस्था से भरोसा उठने लगा।

आखिरकार 11 जून 2026 को पीड़ित सरगुजा रेंज मुख्यालय पहुंचा और पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी। आईजी ने पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मामले में त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार आईजी ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि कानून सबके लिए समान है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने पीड़ित को अपना संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया।

इस पूरे मामले को संभाग ब्यूरो एवं संवाददाता देवेंद्र सिंह चंदेल द्वारा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रमुखता से उठाया गया था। रेत माफियाओं की कथित गुंडागर्दी, मोबाइल छीनने, मारपीट और न्याय नहीं मिलने के मामले को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बढ़ी।

आईजी कार्यालय से लौटने के बाद पीड़ित कमलनयन तिवारी ने संवाददाता देवेंद्र सिंह चंदेल से संपर्क कर बताया कि मीडिया द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के कारण उसकी आवाज उच्च अधिकारियों तक पहुंच सकी। पीड़ित ने कहा कि यदि समाचारों के माध्यम से उसकी पीड़ा को सामने नहीं लाया जाता तो शायद उसकी बात इतने बड़े स्तर तक नहीं पहुंच पाती।

मामले को लेकर संवाददाता देवेंद्र सिंह चंदेल ने भी सरगुजा रेंज पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा से चर्चा की। इस दौरान आईजी ने स्पष्ट कहा कि “न्याय और कानून सभी के लिए समान है। मामला गंभीर है, इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दो से तीन दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।”

बिछियाटोला में कथित अवैध रेत खनन, मारपीट और मोबाइल छीनने के इस मामले में अब लोगों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। आईजी स्तर से हस्तक्षेप होने के बाद क्षेत्रवासियों और पीड़ित को उम्मीद है कि जल्द ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को न्याय मिलेगा।

 

पीड़ित ग्राम पंचायत निवासी बिछिया टोला कमलनयन तिवारी न्याय और इंसाफ नहीं मिलने पर लगाया फरियाद सरगुजा रेंज पुलिस.महा निरीक्षक दीपक झा से कहां गया कानून सबके लिए बराबर

 

सरगुजा संभाग पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय

थाना क्षेत्र केलहरी कमल नयन तिवारी को बुलाकर मोबाइल वापस दिया गया और सारे कागज पर साइन करवाया गया फोटो और वीडियो बनाया गया मोबाइल देते समय

समाचार एवं विज्ञापन या इतिहास के लिए संपर्क करें 7000131841

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button